विद्या देवी स्कूल ऑफ क्रोशिया एवं निटिंग में सहायक आयुक्त उद्योग ने किया निरीक्षण, महिलाओं के हुनर की सराहना

विद्या देवी स्कूल ऑफ क्रोशिया एवं निटिंग में सहायक आयुक्त उद्योग ने किया निरीक्षण, महिलाओं के हुनर की सराहना

सेक्टर-40 स्थित सखा एक पहल द्वारा संचालित विद्या देवी स्कूल ऑफ क्रोशिया एवं निटिंग में गौतमबुद्धनगर की सहायक आयुक्त उद्योग स्वीटी उपाध्याय ने पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे क्रोशिया व निटिंग उत्पादों की बारीकियों को देखा और उनके कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर उन्हें गुणवत्ता और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

सहायक आयुक्त उद्योग स्वीटी उपाध्याय ने कहा कि महिलाओं का हुनर और मेहनत सराहनीय है। ऐसे प्रयास समाज में आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हैं और उद्योग विभाग की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
वहीं सखा एक पहल की अध्यक्ष विभा चुग ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। विद्या देवी स्कूल इसी सोच के साथ संचालित किया जा रहा है और प्रशासन का मार्गदर्शन महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर अविनाश सिंह, सचिन बिधूड़ी, सोनिया शर्मा, द्रौपदी आदि मौजूद थे।