सलाम नमस्ते में करियर एक्सप्रेस का आयोजित

सलाम नमस्ते में करियर एक्सप्रेस का आयोजित

नोएडा। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते ने युवाओं के कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से करियर एक्सप्रेस के अंतर्गत एक रेडियो वर्कशॉप का आयोजन किया। इस कार्यशाला में श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक ने हिस्सा लिया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को रेडियो प्रसारण की प्रक्रिया, रेडियो जॉकी की भूमिका, वॉयस मॉड्यूलेशन, स्क्रिप्ट लेखन, कार्यक्रम निर्माण और ऑडियो रिकॉर्डिंग एवं संपादन से संबंधित जानकारियां दी गई।

कार्यक्रम के दौरान सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि रेडियो जनसंचार का एक प्रभावी माध्यम है और इसमें करियर की अनेक संभावनाएं मौजूद हैं। आज के कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्टूडियो संचालन और रेडियो कार्यक्रम निर्माण की व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें मीडिया उद्योग की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संचार कौशल विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा मीडिया क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

स्कूल शिक्षिका फालगुनी साहू ने बताया कि कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने रेडियो प्रसारण की वास्तविक प्रक्रिया को नजदीक से देखा। छात्रों ने रेडियो जॉकी के रूप में लाइव एंकरिंग का अनुभव प्राप्त किया तथा स्वयं स्क्रिप्ट पढ़कर अपनी प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मीडिया और रेडियो क्षेत्र में करियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इसके अलावा प्रतिभागियों को समूह गतिविधियों के माध्यम से रेडियो कार्यक्रम तैयार करने का अवसर मिला, जिससे उनकी रचनात्मकता, संचार क्षमता और टीमवर्क कौशल का विकास हुआ। कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, रोचक और प्रेरणादायक बताया।