आईएमएस में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा में हर घर तिरंगा एवं काकोरी ट्रेन एक्शन पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। बुधवार को सेक्टर 62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनसंचार के छात्रों ने आजादी के महानायकों को याद करते हुए अपने-अपने विचार व्यक्त किए। वहीं कार्यक्रम के दौरान छात्रों को फिल्म दिखाकर काकोरी ट्रेन एक्शन विषय पर विस्तृत जानकारी दी गयी।

बुधवार को छात्रों को संबोधित करते हुए आईएमएस की महानिदेशक प्रो. (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हमारे लिए अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश के प्रति अपना प्यार और सम्मान दिखाने का एक तरीका है। यह हमें न केवल अपने अपने देश के इतिहास को याद दिलाता है बल्कि एक राष्ट्र के रूप में हमें एक दूसरे के करीब लाता है। आईएमएस नोएडा के छात्रों के साथ-साथ सभी देशवासी देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर अपने घरों में गर्व से झंडा फहराएं एवं देश के प्रति अपना प्यार दिखाएं।

संस्थान द्वारा आयोजित आज के कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सचिन बत्रा ने बताया कि आज का कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीयता और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित हुआ। हर घर तिरंगा अभियान से छात्रों को घर पर तिरंगा फहराने की परंपरा को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गर्व की भावना का संचार करना है। उन्होंने कहा कि "काकोरी ट्रेन एक्शन" भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक प्रमुख घटना है, जिसने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष में नई ऊर्जा भर दी थी।


