पीएनजी कनेक्शन में देरी से उद्योगों पर बुरा असर - मनीष गुप्ता
नोएडा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर रोक लगाई हुई है। ऐसे हालात में बिजली कटौती के बीच औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन में गिरावट आ रही है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) की तरफ से पीएनजी कनेक्शन देने में हो रही देरी से उद्योग खासा प्रभावित हो रहे हैं। सेक्टर-27 स्थित क्लब 27 में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) नोएडा चैप्टर की 12वीं मंथन बैठक के दौरान उद्यमियों ने आईजीएल अधिकारियों के समक्ष इस समस्या को उठाया।

आईआईए नोएडा चैप्टर के चेयरमैन मनीष गुप्ता ने बताया कि औद्योगिक सेक्टरों में तीन से चार घंटे बिजली कटौती हो रही है। निर्बाध बिजली आपूर्ति के बिना उद्योग चलाना संभव नहीं है। बड़ी संख्या में उद्योग ऐसे हैं जिन्हें पीएनजी कनेक्शन नहीं मिल पाया है। ऐसे में डीजी सेट चलाना उद्यमियों की मजबूरी है।
इस स्थिति में डीजल जनरेटर यदि बंद कर दिए गए तो उत्पादन कैसे होगा। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अधिकारी अमित नांगिया ने बताया कि मीटरों की कमी के कारण पीएनजी कनेक्शन देने में कुछ देरी हो रही है। जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।
कार्यक्रम से पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें योगाचार्य केडी शर्मा ने उद्यमियों को योग का महत्व बताया। इस मौके पर आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव बंसल, वाइस चेयरमैन आशीष मल्होत्रा, नवीन गुप्ता, सचिव निर्मलकांत गोयल आदि मौजूद रहे।


