भारतीय मजदूर परिषद द्वारा संवाद कार्यक्रम आयोजित, बच्चों को की स्टेशनरी वितरित
नोएडा। सेक्टर-108 स्थित भारतीय मजदूर परिषद द्वारा अपने मुख्य कार्यालय में एक महत्वपूर्ण पत्रकार सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र प्रधान एवं राष्ट्रीय सचिव श्रीमती स्वीटी त्यागी के नेतृत्व में किया गया। सम्मेलन में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारो ने सहभागिता की, कार्यक्रम में श्रमिक हितों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं समाजसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महेश चौहान, जिला अध्यक्ष भाजपा एवं ओमवीर अवाना, जिला महामंत्री भाजपा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का एक विशेष एवं प्रेरणादायक क्षण उस समय देखने को मिला, जब दोनों मुख्य अतिथियों ने अपने हाथों से जरूरतमंद बच्चों को कॉपी, किताबें एवं अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित की। बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए परिषद ने संदेश दिया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र प्रधान ने कहा कि संगठन गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहायता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंद परिवारों की सहायता तथा बेसहारा एवं आवारा पशुओं की देखभाल एवं उपचार जैसे सामाजिक कार्यों को भी व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगा इसी के साथ भारतीय मजदूर परिषद ने संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभागों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और जरूरतमंद श्रमिक परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री अफसर रावल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र राव तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री संदीप चौधरी सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।


