गोपाल कृष्ण अग्रवाल के अथक प्रयासों से जनता को निःशुल्क आयुष्मान कार्ड का मिल रहा लाभ
नोएडा सेक्टर 61 स्थित रॉयल गार्डन एस्टेट अपार्टमेंट में गोपाल नमो सेवा केंद्र के माध्यम से लगातार दो दिनों तक आयुष्मान भारत योजना के तहत जागरूकता अभियान व निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य किया गया। यह कैंप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचने व उन्हें लाभान्वित करने के उद्देश्य से किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जो उन्हें 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क चिकित्सा लाभ प्राप्त करने में सहायक होंगे। गोपाल नमो सेवा केंद्र के इस प्रयास से दो दिनों में कुल 60 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे लाभार्थियों को करीब 3 करोड़ रुपये तक का संभावित स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा:
"यह शिविर समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं से सशक्त करने का एक सार्थक प्रयास है। गोपाल नमो सेवा केंद्र इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा, जिससे जनता को सीधा लाभ मिल सके।"
रॉयल गार्डन एस्टेट के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मनोरंजन मोहंती ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा: "गोपाल नमो सेवा केंद्र द्वारा आयोजित यह अभियान समाज के हर वर्ग के लिए बेहद लाभकारी है। यह पहल जरूरतमंद लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता रखती है।"
इस आयोजन में स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस प्रयास को समाज के लिए एक मील का पत्थर बताया। अभियान के सफल समापन पर गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता शिविर और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।


