कई राज्यों से किसानों ने पैदल, बस व ट्रेन से दिल्ली की तरफ शुरू किया कूच

कई राज्यों से किसानों ने पैदल, बस व ट्रेन से दिल्ली की तरफ शुरू किया कूच

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) एवम किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर आज भारत के कई राज्यों से किसानों ने पैदल, बस व ट्रेन के माध्यम से दिल्ली की तरफ कूच शुरू किया। कई राज्यों में किसानों को पुलिस द्वारा रोका गया है, उत्तरप्रदेश में चौधरी हरपाल सिंह बिलारी व चौधरी अनिल तालान के नेतृत्व में किसानों के जत्थे जब दिल्ली की तरफ पैदल आगे बढ़े तो उन्हें गिरफ्तार किया गया।

चौधरी हरपाल सिंह बिलारी के नेतृत्व में किसान बड़ी संख्या में बुलंदशहर-नोएडा रोड़ पर ही बैठ गए एवम रोड़ जाम कर दिया। चौधरी अनिल तालान के नेतृत्व में किसान पदाधिकारियों को अलग-अलग थानों में गिरफ्तार किया गया।

बिहार से बिहार कृषि परिवार के जत्थे ने आज पैदल दिल्ली कूच शुरू किया है, आने वाले 1-2 दिनों में कर्नाटक व तमिलनाडु से किसानों के जत्थे दिल्ली की तरफ चलेंगे जिसकी तैयारी के लिए कर्नाटक के मैसूर व तमिलनाडु के तंजावुर में मीटिंग आयोजित करी गयी। आगामी 8 मार्च को खनौरी व शम्भू बोर्डरों पर महिला दिवस मनाया जाएगा जिसमें बड़ी संख्या में पंजाब-हरियाणा से महिलाएं शामिल होंगी।