किराना व्यवसाई से हुई दिनदहाड़े लूट ,पुलिस जांच में जुटी
दुल्लहपुर (गाजीपुर) : मईहर गांव निवासी किराना व्यवसायी जयप्रकाश चौहान को दुकान से घर लौटते समय पांच बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया और 15 हजार नकदी तथा मोबाइल लूट कर फरार हो गए। घायल व्यवसायी को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मईहर निवासी जयप्रकाश चौहान की छपरी चट्टी पर किराना की दुकान है। गुरुवार की रात नौ बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। छपरी चट्टी व मईहर गांव के बीच नहर पुलिया के पास मुंह बांधे पांच बदमाशों ने नुकीले डंडे से हमला कर उनको अधमरा कर दिया। हमले में सिर व चेहरे पर चोटें आयी हैं। अधिक खून गिरने से वह बेहोश हो गए। बदमाश जेब में रखा 15 हजार नगदी तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के कुछ देर बाद आए गांव के युवकों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल के लिए ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह काफी देर तक बेहोश रहे। एसओ कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। पता चला है कि पुराने विवाद में हमला किया गया है। हमलावरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।


