बाल दिवस पर बच्चों के बीच पहुँचीं देश की पहली महिला एयर मार्शल
चैलेंजर्स की पाठशाला में बाल दिवस पर बच्चों के बीच पहुँचीं देश की पहली महिला एयर मार्शल
नोएडा। बाल दिवस के अवसर पर चैलेंजर्स ग्रुप द्वारा संचालित सेक्टर-22 स्थित चैलेंजर्स की पाठशाला में बच्चों के लिए एक विशेष प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना की प्रथम महिला एयर मार्शल एवं पद्मश्री, परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित श्रीमती पद्मावती बंदोपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का उद्देश्य वंचित समुदाय के बच्चों को प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से रूबरू कराना और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित करना था। इस दौरान श्रीमती बंदोपाध्याय ने पीपीटी के माध्यम से बच्चों के साथ अपनी जीवन यात्रा, भारतीय वायु सेना में अपने कार्यकाल, चुनौतियों और महत्वपूर्ण उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और श्रीमती पद्मावती बंदोपाध्याय के समक्ष अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। इस दौरान उन्होंने उनसे विभिन्न सवाल भी पूछे और संवाद में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस बातचीत ने बच्चों को भारतीय वायु सेना और एक सैन्य अधिकारी के जीवन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त करने का अवसर दिया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने कहा कि हमारा मानना है कि बच्चों को केवल किताबी शिक्षा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसे व्यक्तित्वों से मिलने और उनके जीवन के अनुभवों को समझने के अवसर भी मिलने चाहिए, जिन्होंने असाधारण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। श्रीमती पद्मावती बंदोपाध्याय की जीवन यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, समर्पण और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल है। चैलेंजर्स का निरंतर प्रयास है कि हर बच्चे को सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास और सही दिशा मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में महोदया के हाथों से फीडिंग इंडिया के सहयोग से उपलब्ध कराए गए उपहार बच्चों को वितरित किए। बाल दिवस के इस विशेष अवसर पर उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान रामनाथ बंदोपाध्याय, सरिता, अंजलि, मनीष ठाकुर, रोशनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं चैलेंजर्स ग्रुप की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।


