गोल्ड मेडलिस्ट नीता लोधी का पूर्व विधायक होशियार सिंह और समाजसेवी गौरव बंसल ने किया स्वागत
चेक गणराज्य में आयोजित वर्ल्ड रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में 10 किलोमीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक, क्षेत्र में खुशी की लहर
जहांगीराबाद। चेक गणराज्य (यूरोप) में आयोजित वर्ल्ड रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में 10 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली जनपद बुलन्दशहर की बेटी नीता लोधी का क्षेत्र में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूर्व विधायक चौधरी होशियार सिंह ने नीता लोधी का स्वागत करते हुए उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। इस अवसर पर गाजियाबाद से पहुंचे समाजसेवी गौरव बंसल भी विशेष रूप से मौजूद रहे और नीता और उनके पिता को रुद्राक्ष की माला पहनाकर सम्मानित किया। दोनों ने नीता लोधी को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।
बता दें कि औरंगाबाद क्षेत्र के गांव शेखपुर गढ़वा निवासी नीता लोधी ने 14 नवंबर 2026 को चेक गणराज्य में आयोजित वर्ल्ड रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप की 10 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और समाज, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रविवार को नीता विदेश से घर वापस लौटी थीं। रविवार की सुबह पूर्व विधायक व वरिष्ठ सपा नेता होशियार सिंह और समाजसेवी गौरव बंसल दल बल के साथ औरंगाबाद क्षेत्र पहुंचे और मार्ग में ही देश का नाम रोशन करने वाली बेटी नीता लोधी का स्वागत किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक चौधरी होशियार सिंह ने कहा कि नीता लोधी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। वहीं, गाजियाबाद से पहुंचे समाजसेवी गौरव बंसल ने भी नीता लोधी को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम में गौरव बंसल, नरेंद्र लोधी, विनोद सैनी, अमित जाटव एवं रामकिशोर जाटव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नीता लोधी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


