आईएमएस में फूलों की होली

आईएमएस में फूलों की होली

नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज आईएमएस नोएडा में फूलों की होली का आयोजन हुआ। बुधवार को सेक्टर 62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने लोक-नृत्य, लोक-संगीत एवं फूलों से रंगोली रंगोली बनाकर होली मनाया। वहीं कार्यक्रम के दौरान लोकनृत्य एवं लोकगीत के माध्यम से भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित किया गया।

संस्थान द्वारा आयोजित फूलों की होली के मौके पर आईएमएस के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने होली की शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि होली भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है। फूलों से होली खेलने की यह परंपरा न केवल हमारी संस्कृति को संजोती है साथ ही प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाती है। वही संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने सभी शिक्षकों एवं छात्रों को उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की यह जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण को प्राथमिकता देते हुए संस्कारों और सभ्यता के सुनहरे रंगों से राष्ट्र निर्माण और समाज के पुनरुत्थान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

आईएमएस की डीन डॉ. नीलम सक्सेना ने कहा कि होली प्रसन्नता और उल्लास का उत्सव है। यह भगवान श्री कृष्ण व राधा जी के निश्छल प्रेम को समझने का भी उत्सव है। वहीं आईएमएस कल्चरल क्लब की हेड मीतु चौधरी ने बताया कि आज के कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें छात्रों ने होली के पारंपरिक गीतों पर नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद फूलों की होली खेली गई, जहां प्रतिभागियों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर खुशी का इजहार किया।