दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
शालू गुप्ता (संवाददाता)
नोएडा। दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को रविवार को सेक्टर-113 थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पर्थला सीएनजी पंप के पीछे सर्विस रोड से दबोचे गए आरोपी की पहचान गढ़ी चौखंडी निवासी आशीष तोमर के रूप में हुई है। आशीष की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक महिला पक्ष के लोगों ने शनिवार को नोएडा गेट पर प्रदर्शन किया था।
एसीपी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि बीते दिनों एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत देते हुए बताया था कि उसकी बेटी रीतू की शादी गढ़ी चौखंडी निवासी आशीष तोमर के साथ हुई थी। शादी के बाद अतिरिक्त दहेज ही मांग करते हुए पति आशीष समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग रीतू को प्रताड़ित करने लगे। मानसिक प्रताड़ना के साथ ही आरोपियों ने महिला का गर्भपात भी करा दिया। इससे महिला गंभीर बीमारी से ग्रसित हो गई। उपचार के दौरान 20 नवंबर को रीतू की मौत हो गई।
पूर्व में आशीष समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धारा में केस दर्ज हुआ था। महिला की मौत के बाद इस मामले में दहेज हत्या की धारा को भी जोड़ा गया। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी पति फरार चल रहा था। मुखबिर से मिली सूचना पर रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। केस में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।