चैलेंजर्स की पाठशाला में आईएएस विष्णु कुमार का प्रेरणात्मक संवाद
नॉएडा : सेक्टर- 22 स्थित चैलेंजर्स की पाठशाला में एक प्रेरणादायी संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिष्ठित आईएएस अधिकारी श्री विष्णु कुमार ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने जीवन से जुड़े अनुभवों, कार्यभारों एवं प्रशासनिक यात्रा के विभिन्न पहलुओं को साझा करते हुए बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के महत्व से अवगत कराया,
आईएएस विष्णु कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सपने वही पूरे होते हैं, जिनके लिए पूरी ईमानदारी और एकाग्रता से प्रयास किया जाए। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने की सीख दी।
संस्था की विगत 8 वर्षों की गतिविधियों से अवगत कराते हुए चैलेंजर्स ग्रुप संस्थापक प्रिंस शर्मा से उन्हें संस्था की स्मारिका भेंट कर आभार व्यक्त किया! कार्यक्रम में रेनू (एडवोकेट) भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। इस प्रेरणात्मक मुलाकात से बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। इस मौके पर रोशनी कुमारी, मंगल, सुंदरम, अर्जुन, तमन्ना, आदि लोग मौजूद रहे


