यूएवी ऑपरेशंस और ड्रोन तकनीक में संयुक्त पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम होगा शुरू
आईआईटी रोपड़ और राजीव गांधी नेशनल एविएशन यूनिवर्सिटी के बीच समझौता
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ (आईआईटी रोपड़) और राजीव गांधी नेशनल एविएशन यूनिवर्सिटी (आरजीएनएयू) के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। दोनों संस्थान मिलकर यूएवी ऑपरेशंस और ड्रोन तकनीक में एक वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कार्यक्रम चलाएंगे।
इस समझौते पर आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव आहूजा और आरजीएनएयू के कुलपति प्रोफेसर भृगु नाथ सिंह ने दोनों संस्थानों के शिक्षकों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।
संयुक्त कार्यक्रम के अंतर्गत पहले सेमेस्टर के विद्यार्थी आरजीएनएयू में अध्ययन करेंगे और दूसरे सेमेस्टर में आईआईटी रोपड़ में आएंगे। पाठ्यक्रम इस प्रकार तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों को यूएवी तकनीक की सैद्धांतिक समझ के साथ-साथ ड्रोन ऑपरेशंस और इसके अनुप्रयोगों का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो। इसमें दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता का पूरा लाभ उठाया गया है।
इस अवसर पर प्रोफेसर आहूजा ने कहा कि यह साझेदारी ड्रोन तकनीक में शोध और कौशल विकास के नए अवसर खोलेगी। दोनों संस्थानों ने तकनीकी शिक्षा, क्षमता निर्माण और इस तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में अनुसंधान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह साझेदारी भारत के विस्तारित ड्रोन और विमानन क्षेत्र की बढ़ती मांगों को पूरा करने के लिए कुशल पेशेवर तैयार करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


