एनसीएफ ने जर्जर जनता फ्लैटों की स्थिति को लेकर विधायक पंकज सिंह को सौंपा ज्ञापन
विकास कार्यों को लेकर संयुक्त प्रयासों पर जोर
नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह के नेतृत्व में आज नोएडा के जनता फ्लैटों की जर्जर एवं दयनीय स्थिति को लेकर माननीय विधायक श्री पंकज सिंह जी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख मांगों के तहत सभी जनता फ्लैट्स एवं ईडब्लूएस आवासों का तत्काल तकनीकी सर्वे, दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर प्राथमिकी दर्ज, निर्माण कार्यों की सीबीआई जांच, तथा जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण हेतु विशेष टास्क फोर्स के गठन की मांग की गई है। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।
शालिनी सिंह ने बताया कि सेक्टर 122 जनता फ्लैटों का निर्माण मूल रूप से सैक्टर-8 के कामगारों के पुनर्वास हेतु किया गया था, लेकिन वर्तमान में इनकी हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां रहने वाले हजारों लोगों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर यह ज्ञापन सौंपा गया है।
इस अवसर पर सकारात्मक पहल करते हुए यह भी कहा गया कि क्षेत्र के विकास एवं जनहित के मुद्दों पर अब सभी पक्ष एकजुट होकर कार्य करेंगे। विधायक पंकज सिंह एवं शालिनी सिंह के संयुक्त प्रयासों से नोएडा में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
नोएडा सिटीजन फोरम ने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक इस गंभीर विषय को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाएंगे और क्षेत्र के नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर जीवन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


