नवीन गुप्ता बने आईआईए नोएडा चैप्टर के चेयरमैन

नोएडा। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईआईए) के नए पदाधिकारियों की घोषणा सोमवार को लखनऊ स्थित केंद्रीय कार्यालय में की गई। नोएडा के उद्यमी राजीव बंसल को एक बार फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, नवीन गुप्ता को नोएडा चैप्टर का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सचान ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के उत्थान के लिए आईआईए की तरफ से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इससे पहले आईआईए नोएडा चैप्टर की कार्यकारिणी समिति की बैठक की गई। चेयरमैन मनीष गुप्ता ने सदस्यों के समक्ष दो वर्षों का लेखाजोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में संस्था के सदस्यों की संख्या में दोगुना इजाफा हुआ है, जो एक बड़ीउपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। बीते दो वर्षों में संस्था की ओर से आयोजित होने वाली मासिक मंथन बैठक का नियमित और सुचारू आयोजन किया गया।
हर माह होने वाली इस बैठक में किसी न किसी सरकारी विभाग के अधिकारी को बुलाकर उनके सामने उद्योगों से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे जाते रहे। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए। अलग-अलग सरकारी विभागों के समक्ष उद्योगों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया गया। मनीष गुप्ता ने नव नियुक्त चेयरमैन नवीन गुप्ता को समर्थन देते हुए पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। लखनऊ में आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल की मौजूदगी में नव नियुक्त पदाधिकारियों ने शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में कार्यकारिणी सदस्य साहिल कुमार भी शामिल हुए।