नीरज सिंघल दोबारा बने आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष
लखनऊ पहुंचकर नोएडा के उद्यमियों ने किया जोरदार स्वागत
नोएडा। उद्योगपति नीरज सिंघल को वर्ष 2024-25 के लिए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। लगातार दूसरी बार उन्हें सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी सौंपी गई हे। लखनऊ में आयोजित केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान नोएडा चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने उनका जोरदार स्वागत किया।

आईआईए नोएडा चैप्टर के चेयरमैन मनीष गुप्ता ने बताया कि नीरज सिंघल गाजियाबाद स्थित केलको एल्यु सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। पिछले 20 वर्षों से आईआईए में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं।

आईआईए की अंतरराष्ट्रीय मामलों की कमेटी का चेयरमैन रहते हुए उन्होंने एमएसएमई की बाधाओं को दूर कराया। क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की गवर्निंग बॉडी के सदस्य जैसे पदों पर भी रहे हैं। आईआईए के देशभर में 12 हजार से ज्यादा सदस्यों को भरोसा है कि दोबारा से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर नीरज सिंघल संगठन को सामंजस्य एवं एक विचारधारा के साथ ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। आने वाले वर्षों में संगठन का मुख्य लक्ष्य एमएसएमई सेक्टर की प्रगति और देश की जीडीपी में प्रभावी योगदान देने का रहेगा। इस मौके पर आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव बंसल, मेरठ मंडल के चेयरमैन कुलदीप गोयल, नोएडा के सचिव निर्मलकांत गोयल सहित कई उद्यमी मौजूद रहे।


