प्रो रेसलिंग लीग (PWL) चैंपियनशिप 2026 में होगा ₹ 1.5 करोड़ रुपए का प्रथम पुरस्कार

प्रो रेसलिंग लीग (PWL) चैंपियनशिप 2026 में  होगा ₹ 1.5 करोड़ रुपए का प्रथम पुरस्कार

नौएडा। प्रो रेसलिंग लीग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन नौएडा इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। लीग का समापन 1 फरवरी 2026 को होगा। लीग का शुभारंभ भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया।

आज नौएडा मीडिया क्लब में नौएडा सिटीजन फोरम ने प्रो रेसलिंग लीग 2026 को लेकर प्रेस वार्ता की जिसका आयोजन संस्था के महासचिव प्रशांत त्यागी और अविनाश सिंह ने किया।

प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नौएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने रेसलिंग लीग की जानकारी देते हुए बताया की बृजभूषण शरण सिंह के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में भारतीय कुश्ती के इतिहास में कई नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। प्रो रेसलिंग लीग 2026 अपने अब तक के सबसे बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्करण के साथ सामने आ रही है। यह लीग इसलिए भी खास है क्योंकि यह पहली ऐसी कुश्ती लीग है, जो इतने व्यापक वैश्विक स्तर पर आयोजित की जा रही है और पहली बार जापान के विश्वस्तरीय पहलवान भी इसमें भाग ले रहे हैं। 
भारतीय कुश्ती संघ द्वारा मान्यता प्राप्त यह प्रतिष्ठित लीग 1 फरवरी 2026 तक चलेगी। इसका फाइनल मुकाबला 1 फरवरी 2026 को खेला जाएगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रो रेसलिंग लीग 2026 में इस बार कुल 17 देशों के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं जिनमें भारत, ईरान, अज़रबैजान, मंगोलिया, जापान, पोलैंड, कनाडा, जॉर्जिया सहित कई देशों की प्रमुख कुश्ती टीम शामिल हैं। लीग की विजेता टीम को ₹1.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी जबकि उपविजेता टीम को ₹75 लाख रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार राशि देकर भी प्रोत्साहित किया जाएगा। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को ₹2.5 लाख, डेली प्लेयर ऑफ द मैच को ₹50,000, फाइटर ऑफ द मैच को ₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पी.डब्ल्यू.एल. 2026 को और अधिक दर्शकप्रिय और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए इसके फॉर्मेट में भी भारतीय कुश्ती संघ से अनुमति लेकर कई अहम बदलाव किए गए हैं।

इस सीज़न में कुल छह फ्रेंचाइज़ी टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी जिसमें टाइगर्स ऑफ मुंबई डेंगल्स, महाराष्ट्र केसरी, यूपी डोमिनेटर्स, पंजाब रॉयल्स, हरियाणा थंडर्स और दिल्ली डेंगल वॉरियर्स हैं।

इस अवसर पर भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि प्रो रेसलिंग लीग 2026 न केवल भारतीय कुश्ती के खेल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने जा रही है बल्कि यह नौएडा को वैश्विक खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस अवसर पर भारतीय कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष डॉ एस.पी. देशवाल, लीग के आयोजक अखिल गुप्ता और चेयरमैन दयान फारूखी भी मौजूद थे।