महाराष्ट्र केसरी के खिलाफ पंजाब रॉयल्स ने हाफवे स्टेज पर 4–1 की मजबूत बढ़त बनाई
नोएडा: पंजाब रॉयल्स ने प्रो रेसलिंग लीग 2026 के मैच 12 में महाराष्ट्र केसरी के खिलाफ पहले हाफ में दमदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले के मध्यांतर तक 4–1 की बढ़त बना ली। नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में जहां महाराष्ट्र केसरी का यह लीग चरण का अंतिम मैच है, वहीं पंजाब रॉयल्स प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए अहम जीत की तलाश में है। शुरुआती पांच बाउट्स में पंजाब ने आक्रामकता, नियंत्रण और आत्मविश्वास का बेहतरीन संयोजन दिखाते हुए मुकाबले पर पकड़ बना ली।

पंजाब ने 53 किग्रा महिला वर्ग में मीनाक्षी के जरिए शानदार शुरुआत की। मीनाक्षी ने पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता गुज़मैन लोपेज युसनेलिस के खिलाफ अनुशासित और नियंत्रित प्रदर्शन करते हुए शुरुआती टेकडाउन हासिल किए और पैसिविटी का फायदा उठाया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को कोई अंक नहीं लेने दिया और 6–0 से मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद 74 किग्रा पुरुष वर्ग में एशियन रेसलिंग चैंपियन चंद्रमोहन ने यश पर लगातार हमले करते हुए 18–0 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर शानदार जीत दर्ज की।
महाराष्ट्र केसरी को हेवीवेट वर्ग में कप्तान रॉबर्ट बरान के जरिए राहत मिली। अपने अनुभव और मैट पर बेहतर समझ का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने पंजाब के कप्तान दिनेश धनखड़ को 10–1 से हराकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि, 76 किग्रा महिला वर्ग में पंजाब ने एक बार फिर दबदबा कायम किया, जहां पूर्व अंडर-20 और अंडर-23 विश्व चैंपियन प्रिया मलिक ने दीक्षा मलिक के खिलाफ पहले पीरियड में ही निर्णायक बढ़त बनाते हुए फॉल के जरिए जीत दर्ज की।
पहले हाफ का सबसे कड़ा मुकाबला 86 किग्रा पुरुष वर्ग में देखने को मिला, जहां अमित और संदीप मान के बीच रणनीतिक और रोमांचक जंग चली। दोनों पहलवानों के बीच पैसिविटी अंक और टेकडाउन का आदान-प्रदान होता रहा। मुकाबले के अंतिम क्षणों में संदीप मान ने अहम टेकडाउन और पुश-आउट के जरिए 8–7 से करीबी जीत हासिल की और पंजाब की बढ़त को 4–1 तक पहुंचा दिया।
पांच बाउट्स के बाद टीम स्कोर:
महाराष्ट्र केसरी 1 – 4 पंजाब रॉयल्स
57 किग्रा पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र केसरी के अतिश ठोडकर और पंजाब रॉयल्स के चिराग छिकारा के बीच मुकाबला फिलहाल जारी है।
कल प्रो रेसलिंग लीग 2026 के मैचडे 11 में दिल्ली दंगल वॉरियर्स का सामना टाइगर्स ऑफ मुंबई दंगल्स से होगा। मुकाबले का लाइव प्रसारण रात 8:00 बजे से सोनी स्पोर्ट्स टेन 4 और टेन 5 पर किया जाएगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर उपलब्ध होगी।


