सरकार और सामाजिक भागीदारी के संयुक्त प्रयास से ही होगा यमुना नदी का कायाकल्प -गोपाल राय
दिल्ली के आईटीओ के छठ घाट पर "यमुना संसद" कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने की शिरकत
नई दिल्ली। दिल्ली के आईटीओ के छठ घाट पर "यमुना संसद" कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय द्वारा शिरकत की गई। "यमुना संसद" कार्यक्रम में दिल्ली के लोगो ने मानव श्रृंखला बनाकर यमुना की सफाई को लेकर संकल्प लिया। यमुना नदी की महत्ता और दिल्ली की प्रदूषण की समस्या के बारें में दिल्लीवालों को अवगत कराने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने "यमुना संसद " कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने बताया कि यमुना दिल्ली के लिए एक नदी ही नहीं है बल्कि यह दिल्ली के एक बहुत बड़े इकोसिस्टम को सपोर्ट करती है। दिल्ली अपनी अधिकतर पानी से संबंधित जरूरतों के लिए यमुना नदी पर निर्भर है। यमुना नदी इस क्षेत्र और उसके लोगों की आर्थिक और पारिस्थितिक आवश्यकताओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

हालांकि, वर्षों से रसायनों, प्लास्टिक और अन्य गैर-बायोडिग्रेडेबल प्रदूषकों की विशाल मात्रा ने नदी के पारिस्थितिक संतुलन के साथ छेड़छाड़ की है | लेकिन हमारी सरकार हर वह कोशिश कर रही है जिससे की इस पवित्र नदी की गरिमा को बनाए रखा जा सके। दिल्ली में माननीय मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा समर एक्शन प्लान लॉन्च किया गया था जिसका एक महत्वपूर्ण भाग जनजागरूकता अभियान को बढ़ावा देना है। जन भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए आज सामाजिक स्तर पर यमुना संसद का आयोजन किया गया है। जिसमे दिल्ली के लोगो ने वजीराबाद से लेकर कलिनी कुञ्ज तक मानव श्रृंखला बनाकर यमुना की सफाई को लेकर संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया की आज श्री गोविंदाचार्य और रविशंकर तिवारी तथा अन्य लोगों के नेतृत्व में इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन किया गया है | मैं इनकी पूरी पत्रकारों की टीम को बधाई देना चाहता हूँ की आज उनके संयुक्त प्रयास से हम सरकार और सामाजिक भागीदारी पर मिलकर यमुना की सफाई के अभियान को नई दिशा देने जा रहे है क्योकि आमतौर पर देखा जाता है की पत्रकारों की भूमिका केवल सवाल करने की होती है लेकिन इस कार्यक्रम के ज़रिये उन्होंने समाधान के लिए भी प्रयास किया है यह काफी सराहनीय है | आज हम सभी उपस्थित लोगो का केवल एक ही लक्ष्य है की हम लोगो में यमुना नदी के संरक्षण के प्रति ज़िम्मेदारी और अपनेपन की भावना को उत्पन्न कर सके।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने उपस्थित सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली के पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए सभी यह संकल्प ले की यमुना नदी के पानी में ना तो प्रदूषण करेंगे और ना ही किसी को करने देंगे क्योकि जनसहभागिता से ही पर्यावरण को बेहतर और प्रदूषण मुक्त बनाने का रोडमैप बनेगा। दिल्ली सरकार दिल्ली के नागरिकों के साथ मिलकर इस अभियान को जन अभियान की तरह चलाएगी।


