सचिवालय बनाए जाने के विरोध में उतरे ग्रामीण
मुहम्मदाबाद। स्थानीय विकास खंड के करनपुरा गांव के सैकड़ों महिलाओं एवं पुरुषों ने बुधवार को गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्राम सचिवालय बनाए जाने के विरोध में तहसील मुख्यालय स्थित एसडीएम कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन एवं नारेबाजी किया।
ग्रामीणों ने अपनी मांगों के संबंध में एक पत्रक उप जिलाधिकारी हर्षिता तिवारी को देकर कहा कि हमारे गांव के ग्राम प्रधान द्वारा गांव की प्राथमिक विद्यालय परिसर के खाली पड़े भूमि पर ग्राम सचिवालय का निर्माण कराना चाहते हैं, जबकि ग्रामीण ऐसा नहीं चाहते है। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे एवं गांव के लोग विद्यालय परिसर के इस खाली मैदान में खेलते कूदते हैं। अगर इस विद्यालय की भूमि पर ग्राम सचिवालय का निर्माण करा दिया जाता है, तो गांव में बच्चों के खेलने के लिए कहीं भी जगह नहीं बचेगी।
जबकि ग्राम प्रधान विद्यालय परिसर में ही ग्राम सचिवालय बनाने की जिद पर अड़े हुए हैं। करणपुरा गांव के ग्रामीणों ने चेतावनी दिया कि यदि ग्राम प्रधान द्वारा विद्यालय के खाली पड़े भूमि पर ग्राम सचिवालय का निर्माण कार्य प्रारंभ करेंगे। तो हम सभी ग्रामीण इसी तहसील प्रांगण पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
उप जिलाधिकारी हर्षिता तिवारी ने उक्त विद्यालय की भूमि पर ग्राम सचिवालय नहीं बनाए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। धरना प्रदर्शन में मुख्य रुप से अजीत कुमार भारती, राम अवध, मुलायम, शारदा, पुष्पा, लाल बहादुर राम, शशिकांत सहित अन्य लोग शामिल रहे।


