निकला था शहर से घर के लिए मिली पिता पुत्र को मौत
गाजीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 तरवनियां के पास गोरखपुर वाराणसी फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की भोर में एक भीषण सड़क हादसा में पिता पुत्र की मौत हो गई ,जबकि कई घायल हो गए । सैदपुर थाना क्षेत्र के अमुआरा गांव निवासी राकेश प्रजापति (45) पुत्र लालजी अपने बेटे सचिन (18), आशीष (16), भतीजी नीतू (14) और भतीजा आर्यन (15) के साथ मुंबई से अपने पैतृक गांव अमुआरा के लिए चले थे। वाराणसी के कैंट स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद राकेश एक रिजर्व टेंपो कर घर लौट रहे थे। सैदपुर के वार्ड संख्या 11 तरनियां के पास बुधवार की भोर में जैसे ही टेंपो गांव के संपर्क मार्ग की तरफ घुमा कि पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार सूमो ने उनकी टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें राकेश और उनके 18 वर्षीय पुत्र आर्यन को गंभीर चोट आई। और मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया है। इस दुर्घटना में राकेश का भतीजा आर्यन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में करने के बाद, डॉक्टर ने उसे हायर मेडिकल सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। टेंपो के ड्राइवर उत्तम मिश्रा (28) पुत्र अनूप मिश्रा निवासी सराय नंदन खोजवा, थाना भेलूपुर जनपद वाराणसी को भी हल्की चोट आई है। इसके साथ ही मृतक राकेश की भतीजी नीतू और पुत्र आशीष को भी हल्की चोट आई है। जिनका प्राथमिक उपचार कर, उन्हें घर के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद, घायल होने के बावजूद वाराणसी जनपद के हरहुआ बड़ा गांव निवासी सूमो ड्राइवर जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। सैदपुर थाना अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। घायल सुमो ड्राइवर का पता लगाया जा रहा है।


