महिला दिवस पर सलाम नमस्ते में ‘सलाम शक्ति’ कार्यक्रम

महिला दिवस पर सलाम नमस्ते में ‘सलाम शक्ति’ कार्यक्रम

नोएडा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते ने विशेष रेडियो श्रृंखला सलाम शक्ति का आयोजन किया। यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी प्रेरणादायक कहानियों पर केंद्रित है। कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमिता, स्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी, प्रेरणा, सकारात्मकता, पालन-पोषण एवं फिटनेस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

आज के कार्यक्रम में नोएडा सिटीजन फोरम से इंद्राणी मुखर्जी एवं गरिमा त्रिपाठी ने अपने विचार साझा करते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जागरूकता और सामुदायिक सहयोग बेहद आवश्यक है। वहीं मानव प्रगति सेवा संस्थान  की सचिव आकांक्षा शुक्ला ने बताया कि उनका संस्थान झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली महिलाओं को सुंदर मोमबत्तियां बनाने का कौशल सिखा रहा है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं।

सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड वर्षा छाबड़िया ने बताया कि सलाम शक्ति कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की उन महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाना है, जो अपने संघर्ष और मेहनत से न केवल स्वयं आगे बढ़ रही हैं, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से महिला उद्यमिता, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया, ताकि महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़े और वे अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित हों।