संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, तीन पर मुकदमा दर्ज
गाजीपुर गहमर कोतवाली क्षेत्र के देवल गांव में शुक्रवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के पिता ने शनिवार को मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिहार के कैमूर जनपद के कुदरा थाना के फुली गांव की ज्योति (24) की शादी जून 2021 में गहमर थाना क्षेत्र के देवल गांव निवासी सुभाष प्रजापति के पुत्र सूरज कुमार के साथ हुई थी। युवती के पिता राम ध्यान प्रजापति ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम करीब चार बजे ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा सूचना मिली कि ज्योति की तबीयत खराब है। अभी 10 मिनट ही बीते होंगे कि खबर आई कि ज्योति की मौत हो गई थी।परिवार के लोग देवल पहुंचे तो देखा कि ज्योति को बेड पर लेटाया गया था। जबकि उसके गले और शरीर के कई हिस्सों में चोट से गंभीर निशान मिले हैं। युवती के के भाई दीपक कुमार ने बताया कि ससुरालीजनों के द्वारा कई बार ज्योति को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। बहन अक्सर फोन पर इस बारे में शिकायत किया करती थी। दहेज में सामान कम देने अथवा सामान खराब देने की शिकायत करते हुए उसे आए दिन मारा पीटा जाता था।
शनिवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर सास किरण देवी, ससुर सुभाष प्रजापति और पति सूरज प्रजापति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


