सिंगर मासूम ने सुपवा को सौंपा 5 लाख रुपये का चेक, जरूरतमंद छात्रों को पढ़ाई में मिलेगी मदद

सिंगर मासूम ने सुपवा को सौंपा 5 लाख रुपये का चेक, जरूरतमंद छात्रों को पढ़ाई में मिलेगी मदद

मासूम की तरह और पूर्व छात्र भी आगे आएं : कुलगुरु

 रोहतक। प्रसिद्ध सिंगर मासूम शर्मा ने मंगलवार को दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के कुलगुरु डॉ अमित आर्य को 5 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस राशि से ऐसे छात्रों को आगे शिक्षा ग्रहण करने में मदद मिलेगी, जो आर्थिक कारणों से अपनी शिक्षा को जारी नहीं रख पाते। इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा, फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के एफसी महेश टीपी, डीन स्टूडेंट्स वेल्फेयर विनय कुमार भी मौजूद रहे।

रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा बताया कि मासूम शर्मा सुपवा के छात्र रहे हैं। यहां पर उन्होंने एक्टिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल करने के बाद मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। आज वे देश के चुनिंदा सिंगर में शामिल हैं, जबकि लाइसेंस फिल्म के जरिए अभिनय व फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रख चुके हैं। लेकिन, वे अपने संस्थान यानी सुपवा को कभी नहीं भूलते।

सुपवा के पूर्व छात्र, गायक एवं अभिनेता मासूम शर्मा ने कहा कि कुछ छात्र अभी भी ऐसे हैं, जिनके परिवार की आर्थिक हालत ज्यादा अच्छी नहीं होती और वे अपनी फीस भरने में असमर्थ रहते हैं। ऐसे में उन्होंने सुपवा परिवार को 5 लाख रुपये का चेक भेंट किया। यह चेक डीन स्टूडेंट्स वेल्फेयर के नाम है, ताकि इस राशि को जरूरतमंद छात्रों की फीस के रूप में खर्च किया जा सके। मासूम शर्मा ने कहा कि जिस संस्थान से हमने शिक्षा हासिल की, उसके प्रति हमारी कुछ जिम्मेदारी भी बनती हैं। जब हम कोई मुकाम हासिल कर लेते हैं तो ये जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती हैं। सुपवा से जो भी ग्रहण किया, उसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती, न ही यहां से मिली सीख का कोई मूल्य चुकाया जा सकता है।

सुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि पूर्व छात्र के तौर पर सिंगर मासूम शर्मा ने यूनिवर्सिटी के प्रति जो अपनापन दिखाया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए, कम है। पूर्व छात्र किसी भी संस्थान की आत्मा होते हैं। सुपवा के अन्य पूर्व छात्रों को भी इस तरह से आगे आना चाहिए। सुपवा परिवार अपने पूर्व छात्रों की असोसिएशन को रजिस्टर्ड करवा चुका है और जल्द ही यहां एलुमिनी मीट कराई जाएगी।