एक बार फिर चलेगा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों के लिए ‘विशेष पंजीकरण अभियान’
18 से 22 दिसम्बर तक आयोजित किया जाएगा अभियान
नोएडा। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के अंतर्गत एक बार फिर विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इस बार यह अभियान 18 से 22 दिसम्बर तक चलेगा। इस संबंध में शासन से दिशा निर्देश जारी किये गये हैं।
योजना के नोडल अधिकारी डा. ललित कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) केन्द्र सरकार एवं उप्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अन्तर्गत गर्भवती एवं धात्री माताओं को प्रथम सन्तान एवं द्वितीय सन्तान (लड़की) होने पर लाभ दिये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया- प्रथम बार गर्भवती एवं धात्री महिलाएं एवं द्वितीय बार बालिका को जन्म देने वाली महिलाओं का अंकन "मंत्रा" एवं "ई कवच' ऐप में किया जाता है। उन्होंने बताया- अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने के लिए प्रचार गतिविधियां- नुक्कड़ नाटक, दीवार पेंटिंग, घर-घर अभियान, क्षेत्रीय स्तर पर सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्देश शासन से मिले हैं। उन्होंने बताया सबसे पहले यह अभियान 29 नवम्बर और एक दिसम्बर को चलाया गया, फिर इसकी अवधि आठ दिसम्बर तक बढ़ा दी गई थी।
डा. ललित ने बताया कि ब्लाक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम) को, ब्लॉक में कार्यरत प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को पंजीकरण कराने का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। इस गतिविधि में डिस्ट्रिक्ट कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (डीसीपीएम) अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
जिला कार्यक्रम सहायक अदिति करण ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लाभार्थी को पहली बार गर्भवती होने पर दो किस्तों में पांच हजार रुपये दिये जाते हैं। प्रथम किस्त (तीन हजार रुपये) प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच होने पर और दूसरी किस्त (दो हजार रुपये) बच्चे के जन्म का पंजीकरण होने, बच्चे के प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर मिलेगी। बच्चे का जन्म होने के 270 दिन तक योजना का लाभ लिया जा सकेगा। उन्होंने बताया- दूसरा बच्चा लड़की होने पर छह हजार एक मुश्त रुपये दिये जाते हैं। इसका पंजीकरण प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर किया जाएगा। यह राशि बालिकाओं के प्रति सकारात्मक व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए है। योजना के तहत मिलने वाली धनराशि लाभार्थी के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की जाती है। उन्होंने बताया- योजना के पोर्टल http://pmmvy.wcd.gov.in/ पर लाभार्थी सीधे पंजीकरण कर सकते हैं।


