तेज रफ्तार पिकअप ने मासूम को रौंदा, हुई मौत

 गाजीपुर भांवरकोल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे के भांवरकोल चट्टी पर बृहस्पतिवार की सुबह दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में पिकअप की टक्कर से बच्ची की मौत हो गई। जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मुहम्मदाबाद सीएचसी पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।मालूम हो कि भांवरकोल गांव निवासी चार वर्षीय सलोनी पुत्री सुरेंद्र यादव अपने मां-बाप के साथ खेत में जा रही थी। इसी बीच भांवरकोल चट्टी के समीप तेज रफ्तार पिकअप के चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से भाग निकला। घायलावस्था में परिजन उसे पीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि परिजनों द्वारा अभी तक थाने पर कोई सूचना नहीं दी गई है। अगर परिजनों द्वारा तहरीर दी जाएगी तो शव का पोस्टमार्टम करा कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उधर, नेशनल हाईवे के पास शहरमाडीह के पास सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक 26 वर्षीय प्यारे चंद गुप्ता निवासी सुखडेहरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वह अपनी बाइक से मुहम्मदाबाद जा रहा था। इसी बीच भरौली की ओर से अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी मुहम्मदबाद भिजवाया। जहां उसकी हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसकी हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।