संघ का उद्देश्य है सम्पूर्ण समाज का संगठन - श्याम किशोर

संघ का उद्देश्य है सम्पूर्ण समाज का संगठन - श्याम किशोर

संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में परथला गांव श्रमिक कुंज सेक्टर 122 में विजयादशमी कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्मवीर यादव ने की, जबकि मुख्य बौद्धिक का मार्गदर्शन श्याम किशोर ने किया, अपने उद्बोधन में श्याम किशोर ने कहा कि “यह अवसर केवल स्वयंसेवकों के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण समाज के लिए अत्यंत विशेष है। समाज के जीवन में सौ वर्ष का अंतराल अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव होता है।

उन्होंने कहा कि आज संघ का कार्य केवल देश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विश्वव्यापी स्वरूप ग्रहण कर चुका है, उन्होंने स्वयंसेवकों से दो महत्वपूर्ण प्रश्नों पर मनन करने का आग्रह किया
जिस उद्देश्य से संघ की स्थापना हुई थी, क्या उस लक्ष्य की पूर्ति हुई है?
यदि नहीं, तो उसे पूर्ण करने के लिए आगे क्या और कैसे करना है?

श्याम किशोर ने कहा कि जो समाज अपने इतिहास को भूल जाता है, इतिहास भी उसे भुला देता है, किंतु संघ ने सदैव अपने गौरवशाली इतिहास को स्मरण रखा है। उन्होंने बताया कि भारत के पड़ोसी देश कभी अखंड भारत का हिस्सा थे, और जब भारत समरस एवं संगठित था, तब सम्पूर्ण विश्व में शांति और समृद्धि थी।

उन्होंने कहा कि भारत की भूमि, समाज और कण-कण को अपना मानने वाला जब विभाजन की ओर बढ़ा, तो उसका प्रभाव परिवार तक पहुँच गया। इसी विघटन को समाप्त करने के लिए संघ ने समाज को संगठित करने का कार्य प्रारंभ किया।

श्याम किशोर ने कहा कि संघ का उद्देश्य है सम्पूर्ण समाज का संगठन। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे का चिंतन केवल स्वयंसेवकों को नहीं, पूरे समाज को मिलकर करना होगा।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने पंच परिवर्तन के विषय पर भी विस्तारपूर्वक विचार रखे और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

अंत मे स्वयंसेवकों ने बस्ती में पथ संचलन निकाला। कार्यक्रम में भाग संघचालक वीरेंद्र जी,महानगर सह प्रचार प्रमुख दुर्गेश जी उपस्थित रहे।