ट्रेन के आगे कूदकर युवती ने की आत्महत्या
गाजीपुर। जिले के दो अलग- अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को एक युवती ने जहां ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। वहीं एक ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
सैदपुर कोतवाली के रसूलपुर पचरासी निवासी सीता (26) दोपहर करीब एक बजे सैदपुर ग्रामीण बैंक के पीछे रेलवे ट्रैक के पास पहुंची और इधर- उधर टहलने लगी। जब- तक आस-पास के लोग कुछ समझ पाते ट्रेन के आते ही सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। ट्रेन चालक द्वारा घटना की सूचना सैदपुर स्टेशन मास्टर धीरेंद्र कुमार को दी गई। स्टेशन मास्टर द्वारा घटना की जानकारी सिटी रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने को दी गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर शहर कोतवाली के सुखदेवपुर गांव के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से नोनहरा थाना क्षेत्र के खालिसपुर निवासी मुनीब सिंह यादव (54) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में सन्नाटा पसर गया।


