हर परिवार को दस लाख रुपए की सहायता देंगे और उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा का इंतज़ाम करने के साथ जो भी मदद हो सकेगी करेंगे- अरविंद केजरीवाल

हर परिवार को दस लाख रुपए की सहायता देंगे और उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा का इंतज़ाम करने के साथ जो भी मदद हो सकेगी करेंगे- अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अमरनाथ की यात्रा के दौरान बादल फटने से दिल्ली के अंबेडकर निवासी प्रकाशी और वीरमति के दुखद निधन पर आज घर जाकर उनके परिवार वालों से मुलाकात की और उनका दुख साझा किया। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की रहने वाली बीरमती और प्रकाशी का अमरनाथ जी की यात्रा के दौरान बादल फटने से स्वर्गवास हो गया। आज मैं उनके परिवार के लोगों से मिला। दिल्ली सरकार हर परिवार को दस-दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी। साथ ही, हम उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा का इंतज़ाम करेंगे। इसके अलावा, जो भी मदद हो सकेगी, हम करेंगे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि अमरनाथ जी की यात्रा पर गए दिल्ली निवासी किसी भी तीर्थ यात्री का स्वर्गवास हुआ है और हमें उसकी जानकारी मिलती है, तो उसके परिवार को भी 10-10 लाख रुपए की आर्थिक मदद देंगे।
स्वर्गीय वीरमति और स्वर्गीय प्रकाशी के घर जाकर उनके परिवार के लोगों से मुलाकात के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंबेडकर नगर स्थित मदनगीर इलाके से वीरमति और प्रकाशी अमरनाथ जी अमरनाथ जी की यात्रा पर गई थीं। वहां पर बहुत ही दुखद घटना हुई है। अमरनाथ में बादल फटने की वजह से कई लोगों की मौत हुई है। वहां पर अभी तक जितने शव मिले हैं, उनमें दिल्ली से यह दो महिलाएं भी हैं। मैंने आज उनके घर जाकर उनके परिवार के लोगों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनका दुख साझा किया। तीर्थ यात्रा पर लोग मन की शुद्धि के लिए और परमात्मा से मन्नत मांगने के लिए जाते हैं। किसी को उम्मीद नहीं थी कि वहां से ऐसी दुखद खबर आएगी। दोनों ही परिवार बहुत ही गरीब हैं। दिल्ली सरकार की तरफ से हम, दोनों ही परिवारों को दस-दस लाख रुपए की सहायता राशि देंगे। उनके घर में छोटे बच्चे भी हैं। हम सुनिश्चित करेंगे कि उनको अच्छी से अच्छी शिक्षा मिल सके। इसके अलावा, परिवार को और भी कोई जरूरत होगी, तो हम उनके साथ खड़े हैं। 
सीएम अरविंद केजरीवाल ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि इस दुखद हादसे में दिल्ली निवासी किसी भी तीर्थ यात्री का स्वर्गवास हुआ है और हमें उनके बारे में पता चलेगा, तो हम उन सभी के परिवारों को भी दस-दस लाख की आर्थिक सहायता देंगे। मैं समझता हूं कि केंद्र सरकार वहां पर अपने स्तर पर बचाव और राहत के सभी कार्य कर ही रही है। हम सभी को मिलकर केंद्र सरकार का सहयोग करना चाहिए।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली की रहने वाली बीरमती जी और प्रकाशी जी का अमरनाथ जी की यात्रा पर बादल फटने से स्वर्गवास हो गया। मैं अभी उनके परिवारों से मिला। हर परिवार को दस लाख रुपए की सहायता देंगे। उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा का इंतज़ाम करेंगे और जो भी मदद होगी करेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।’’
स्वर्गीय वीरमति और स्वर्गीय प्रकाशी का अचानक से बना था अमरनाथ यात्रा का प्लान
स्वर्गीय वीरमति और स्वर्गीय प्रकाशी, साउथ दिल्ली के अंबेडकर नगर स्थित मदनगीर में परिवार के साथ रहती थीं। उनके परिजनों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा पर जाने का वीरमति का कोई प्लान नहीं था। वो सुगर की मरीज थीं और अक्सर उनकी तबीयत खराब रहती थी। अचानक ही उन्होंने अमरनाथ यात्रा पर जाने का प्लान बनाया था। परिजनों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा पर जाने की उनकी दिली इच्छा थी। इसलिए वे लोग उनको जाने से रोकना उचित नहीं समझे। वीरमति के साथ उनकी भाभी प्रकाशी भी अमरनाथ की यात्रा पर गई थीं। दोनों लोग निजी बस से दो जुलाई को अमरनाथ की यात्रा पर निकले थे। उनके साथ उनके परिवार से कोई आदमी नहीं गया था। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले उन लोगों जानकारी मिली कि अमरनाथ में बादल फट गया है और इस हादसे में वीरमति और प्रकाशी का स्वर्गवास हो चुका है।
परिजनों ने बताया कि स्वर्गीय वीरमति एक गृहणी थी। उनके पति बालकिशन एनडीएमसी में कार्यरत थे और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके चार बच्चे हैं। जिसमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। बेटे की पत्नी का डेढ़ साल पहले स्वर्गवास हो चुका है। वहीं, स्वर्गीय वीरमति की भाभी स्वर्गीय प्रकाशी के तीन बच्चे हैं, जिसमें एक बेटा व दो बेटी हैं और सभी की शादी हो चुकी है। स्वर्गीय प्रकाशी की बड़ी बेटी सीमा के पति का भी स्वर्गवास हो चुका है और वो अपनी मां प्रकाशी के घर पर ही रहती है। स्वर्गीय प्रकाशी परिवार का खर्च चलाने के लिए हाउस कीपिंग की नौकरी करती थीं। 
हमें कोई उम्मीद नहीं थी कि मुख्यमंत्री जी स्वयं हमारे घर हमारा दुख साझा करने के लिए आएंगे और हमारी आर्थिक मदद करेंगे- आशा
स्वर्गीय वीरमति की बेटी आशा का कहना है कि हमें कोई उम्मीद नहीं थी कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी खुद हमारे घर हमारा दुख साझा करने के लिए आएंगे और हमारी आर्थिक मदद करेंगे। हमें अचानक से आज सुबह ही जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री जी हमसे मिलने के लिए आ रहे हैं। हम लोगों गरीब परिवार से हैं। हम लोगों से मिलने के लिए स्वयं मुख्यमंत्री जी आए, हम सभी को सांत्वना दी और दस-दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी, इसके लिए हम उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं।
हादसे से आधे घंटे पहले परिजनों से हुई थी फोन पर बात - 
परिजनों ने बताया कि स्वर्गीय वीरमति और स्वर्गीय प्रकाशी से बादल फटने की घटना से कुछ समय पहले ही फोन पर बात हुई थी। दोनों ने बताया था कि वो लोग सही-सलामत अमरनाथ पहुंच गए हैं, लेकिन वहां तेज बारिश हो रही है। उन लोगों ने बताया था कि हम बारिश में भीग रहे हैं और अब दर्शन करने जा रहे हैं। उसके बाद दोनों लोगों के निधन की सूचना मिली।
दिल्ली की जनता को फ्री बिजली आगे भी मिलती रहेगी- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली की जनता को जो राहत दी जा रही है, वो आगे भी कायम रहेगा। दिल्ली के जिन लोगों को फ्री बिजली मिल रही है, उनको आगे भी फ्री बिजली मिलती रहेगी। 201 से 400 यूनिट तक की बिजली का चार्ज हाफ है, वो भी जारी रहेगा। जो भी होगा, लेकिन दिल्ली की जनता को दी जा रही राहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।