यातायात नियमों का पालन एवं जीवन संरक्षण विषय पर हुई कार्यशाला आयोजित
नोएडा। सरला चोपड़ा DAV पब्लिक स्कूल परिसर में 26 फ़रवरी को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक प्रभावशाली कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यातायात सब-इंस्पेक्टर अमीर अहमद एवं सड़क सुरक्षा सेल अधिकारी कपिल धामा ने छात्रों को यातायात नियमों के अनुपालन के महत्व के बारे में उदाहरणों सहित विस्तृत जानकारी दी।
इस कार्यशाला में 7X वेलफेयर टीम की सक्रिय सदस्य श्रेया शर्मा की विशेष सहभागिता रही, जिनके सहयोग से कार्यक्रम का सफल समन्वयन एवं संचालन किया गया।
अधिकारियों ने विभिन्न यातायात संकेतों, सड़क पर सुरक्षित चलने के नियमों तथा आपातकालीन नंबरों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों ने यातायात नियमों व निर्देशों के पालन की शपथ ग्रहण की। छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था।
कार्यक्रम का समापन करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना शर्मा ने छात्रों को नियम पालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुशासन एवं नियमों का पालन करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक एवं राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति सजगता बढ़ाने तथा सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


