इस्कॉन ने मनाया श्री चैतन्य महाप्रभु का आविर्भाव दिवस गौर पूर्णिमा
नोएडा।PNI News। श्री चैतन्य महाप्रभु का आविर्भाव दिवस गौर पूर्णिमा बड़े धूमधाम से मनाया गया। उत्सव का आरम्भ प्रात: 4:30 बजे भगवान् श्री गौर निताई के मंगल आरती दर्शन से हुआ, जिसमें लगभग 250 लोगों ने भाग लिया तथा भगवान् का विशेष आशीर्वाद प्राप्त किया। कीर्तन के साथ ही सभी भक्त हरि बोल बोल कर नृत्य करते हुए झूमने लगे। इस अवसर पर भगवान् को वृन्दावन से बनवाई गई नई पोशाक अर्पित की गई।

मुख्य कार्यक्रम सांय 5 बजे से मन्दिर में हरे कृष्ण महामन्त्र के कीर्तन से प्रारम्भ हुआ। सांयकाल में भगवान् श्री चैतन्य महाप्रभु का गाय के दूध, दही, घी, शहद एवं ताजे फलों के रस के साथ अभिषेक किया गया। इसके साथ ही भगवान् को विभिन्न प्रकार के नैवेद्य अर्पित किए गए। विशेष रूप से मन्दिर की रसोई ही में तैयार किए गए देशी एवं विदेशी 56 प्रकार के व्यञ्जन भगवान् को अर्पित किए गए।

उत्सव की तैयारी के लिए मन्दिर से जुड़े भक्त विगत एक माह से तैयारी में लगे हुए थे। पूरे मन्दिर को सुन्दर ढंग से सजाया गया था। होली के इस पावन अवसर पर भगवान् का पुष्पों से अभिषेक किया गया तथा भक्तों ने एक दूसरे पर पुष्पों की वर्षा करके होली का पावन त्यौहार मनाया तथा सभी ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। श्री श्री राधा गोविन्द के साथ फूलों की होली मनाने के लिए लगभग 1000 किलो फूल मँगाए गए थे। सभी भक्तों ने विश्व के सभी लोगों के जीवन में शान्ति और प्रेम की स्थापना की प्रार्थना की। कार्यक्रम के अन्त में सभी के लिए भर पेट प्रसाद की व्यवस्था की गई जिसमें भक्तों ने भक्तों ने भगवान् को अर्पित विभिन्न प्रकार के व्यञ्जनों का आस्वादन किया। कुल मिलाकर गौर पूर्णिमा तथा होली का यह उत्सव अत्यन्त उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।


