कोरोना : यूपी सरकार का बड़ा फैसला रविवार को यूपी में रहेगी साप्ताहिक बंदी
लखनऊ।PNI News। उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोराना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए यूपी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि रविवार को समस्त उत्तर प्रदेश में साप्ताहिक बंदी रहेगी। उन्होंने कहा कि शहरी इलाकों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी रविवार के दिन संपूर्ण साप्ताहिक बंदी रहेगी। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही बाहर निकलने की इजाजत होगी। मुख्यमंत्री ने मास्क ना पहनने पर सख्ताई करते हुए कहा कि जो लोग पहली बार बिना मास्क के मिले उन पर पहली बार में ₹1000 का जुर्माना किया जाए। वहीं दूसरी बार बिना मास्क पकड़े जाने पर ₹10000 का जुर्माना लगाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भरण पोषण भत्ता के पात्र लोगों की सूची बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को सरकार राशन मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री ने अफसरों को आदेश दिए कि निजी अस्पतालों को कोविड अस्पताल बनाने की कवायद शुरू की जाए।


