किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा - पंकज सिंह
नोएडा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई ने शुक्रवार को व्यापारियों की समस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक पंकज सिंह से मिला। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल की तरफ से अध्यक्ष नरेश कुच्छल व चेयरमैन राम अवतार सिंह ने विधायक से व्यापारियों को सुरक्षा, उत्पीड़न तथा जीएसटी को सरल बनाने और व्यापार संबंधी कानूनों को सरल बनाने की मांग की गई।
साथ ही विधायक को बताया कि शाम होते ही बार-बार अघौषित बिजली की कटौती की जा रही है, जिससे व्यापारी, उद्योग सहित आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि नो -कट जोन में बार-बार बिजली जाने से व्यापारियों की सुरक्षा में ख़तरा उत्पन्न होता है। उन्होंने नोएडा की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
अध्यक्ष नरेश कुच्छल की मांग पर विधायक पंकज सिंह ने कहा कि व्यापारियों की हर समस्या को सरकार गंभीरता से ले रही है। भाजपा सरकार में किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। सरकार में व्यापारी वर्ग खुशहाल हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लगे लॉकडाउन की वजह से मध्यमवर्गीय व्यापारी थोड़ा परेशानी में आया है। सरकार उन्हें राहत देने में पीछे नहीं रही है। साथ ही भाजपा सरकार में किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी सरकार को चलाने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए सरकार व्यापारियों के हितों के लिए काम करने में आगे आ रही है।
इस मौके पर व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से अध्यक्ष नरेश कुच्छल, चेयरमैन राम अवतार सिंह, मनोज भाटी, दिनेश महावर, सत्यनारायण गोयल, राधेश्याम गोयल,ज्योतिषाचार्य केशव पंडित, मूलचंद गुप्ता, सोनवीर सिंह, पीयूष वालिया, पुष्पेंद्र खटाना सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।


