भारत की अमूल्य धरोहर विषय पर कक्षा–1 का आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शन
नोएडा। सरला चोपड़ा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में कक्षा–1 के विद्यार्थियों द्वारा “भारत की अमूल्य धरोहर” विषय पर एक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक कक्षा प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति को दर्शाते हुए मनोहारी नृत्य की प्रस्तुतियाँ से नन्हें कलाकारों को सभी का हृदय जीत लिया । इसी श्रंखला में उत्साहपूर्ण नुक्कड़ नाटक से हुआ, जिसमें नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने सरल संवादों और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से ऐतिहासिक स्मारकों की सुरक्षा एवं संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की लोक-संस्कृति पर आधारित रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्होंने “अनेकता में एकता” की भावना को सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “फैक्ट-ओ-मेनिया” रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने भारत के प्रसिद्ध स्मारकों से जुड़े रोचक एवं ज्ञानवर्धक तथ्यों को आत्मविश्वासपूर्वक प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को न केवल नई जानकारी दी, बल्कि उनकी सीखने की उत्सुकता और अभिव्यक्ति कौशल का भी परिचय कराया।
कार्यक्रम का समापन भारत की ऐतिहासिक धरोहरों के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन का प्रेरणादायक संदेश देकर किया गया। उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए विद्यालय के इस अभिनव प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।


