इस स्वतंत्रता दिवस कैंसर से आजादी का लें संकल्प
नोएडा। सेक्टर 47 स्थित फायर फ्लाई सरकोमा संस्था ने देश के 75 स्वतंत्रता दिवस पर कैंसर से आजादी का संकल्प लिया। छलेरा गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कैंसर से बचाव, उपचार एवं जागरूकता पर चर्चा की गई। वहीं कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों को तिरंगा, पतंग, बैग, टी-शर्ट आदि वितरित कर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के लिए सामाजिक भागीदारी की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए फायर फ्लाई सरकोमा की फाउंडर तनीषा गुप्ता ने बताया कि कैंसर खतरनाक बीमारी है, लेकिन पूर्ण रूप से असाध्य नहीं। हम अपने दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलाव कर कई सारी समस्या से बच सकते हैं। एक उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कैंसर से बचने के लिए रोजाना छह घंटे की नींद जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर कोलन कैंसर की आशंका बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि प्रदूषित पर्यावरण भी कैंसर का एक प्रमुख कारण है। हम जैसी हवा सांस में लेते हैं, जैसी पानी पीते हैं और हम जो भी खाते हैं इसका हमारे जीवन पर असर पड़ता है। कैंसर से बचने के लिए साफ एवं टाक्सिक मुक्त वातावरण होना जरूरी है। आज के कार्यक्रम में तनीषा गुप्ता छलेरा कंपोजिट स्कूल की शिक्षिका वंदना गुप्ता के साथ सभी स्कूली शिक्षक एवं छात्रों को कैंसर से आजादी की शपथ दिलायी। वहीं छात्रों ने पतंग उड़ाकर कैंसर से मुक्ति का संदेश दिया।


