आईएमएस लॉ कॉलेज में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प

आईएमएस लॉ कॉलेज में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प

नोएडा। भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिकों के मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्टर-62 स्थित आईएमएस लॉ कॉलेज में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया एवं संविधान की प्रस्तावना का पाठ करते हुए उसके आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, उसके ऐतिहासिक महत्व, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का आधार है। संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करना और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि भारतीय संविधान केवल देश के संचालन का आधार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और समान अवसरों का संरक्षक भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को समझने, उनका सम्मान करने तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

वहीं कार्यक्रम के दौरान लॉ कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजुम हसन ने कहा कि विधि के विद्यार्थियों के लिए संविधान की समझ अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संवैधानिक प्रावधानों के साथ-साथ न्याय, समानता और सामाजिक समरसता जैसे मूल्यों को भी आत्मसात करना चाहिए, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार विधि विशेषज्ञ के रूप में समाज में सकारात्मक योगदान दे सकें।