34वें माँ भगवती जागरण में श्रद्धालुओं ने लिया माँ का आशीर्वाद, घर घर पहुंचाया गंगाजल 

34वें माँ भगवती जागरण में श्रद्धालुओं ने लिया माँ का आशीर्वाद, घर घर पहुंचाया गंगाजल 
 नोएडा: सेक्टर-22 स्थित एच ब्लॉक मार्केट (फेडरल बैंक के पास) में युवा मंच जागरण समिति द्वारा नवरात्र के पावन अवसर पर 34वें विशाल माँ भगवती जागरण का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में भारी संख्या में पहुंचे भक्तों ने माँ भगवती के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
युवा मंच जागरण समिति के पदाधिकारी प्रदीप वोहरा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जागरण की शुरुआत शनिवार, 17 अक्टूबर को रात्रि 9:00 बजे पवित्र ज्योति प्रचंड (प्रज्ज्वलन) के साथ हुई। पूरी रात चले इस अलौकिक आयोजन का समापन अगले दिन सुबह माँ तारा रानी की कथा के साथ हुआ।

भजनों और मनमोहक झांकियों ने बांधा समां

जागरण के दौरान आमंत्रित भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में प्रस्तुत की गईं देवी-देवताओं की सुंदर और सजीव झांकियों ने वहां मौजूद सभी भक्तों का मन मोह लिया।सुबह आरती और माँ तारा रानी की कथा के बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद और भंडारे का वितरण किया गया।

घर-घर पहुंचाया गया हरिद्वार का गंगाजल
समिति के पदाधिकारियों ने आगे बताया कि माँ भगवती की मूर्ति विसर्जन के लिए वे सभी हरिद्वार गए थे। वहां विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद समिति के सदस्य विशेष रूप से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे। इस पावन गंगाजल को समिति द्वारा क्षेत्र के प्रत्येक घर में श्रद्धापूर्वक पहुंचाया गया है।