आईएमएस में बीबीए हाट का हुआ आयोजन
नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा में प्रबंधन शिक्षा को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में बीबीए विभाग द्वारा “बीबीए हाट” का आयोजन किया गया। सेक्टर-62 स्थित संस्थान परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 3 दर्जन से अधिक स्टॉल लगाए। मंगलवार को बीबीए हाट के माध्यम से छात्रों ने अपनी उद्यमिता क्षमता, रचनात्मकता और प्रबंधन कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में खान-पान, श्रृंगार सामग्री, गीत-संगीत, मनोरंजक खेलों तथा कबाड़ से गृह सज्जा जैसे अभिनव उत्पादों और सेवाओं के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।
छात्रों के प्रयास की सराहना करते हुए आईएमएस नोएडा के प्रसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक अनुभव भी उतना ही आवश्यक है। बीबीए हाट विद्यार्थियों को वास्तविक बाजार की परिस्थितियों को समझने, ग्राहक व्यवहार का विश्लेषण करने तथा वित्तीय प्रबंधन की बारीकियों को सीखने का अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान आईएमएस के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन, सलाहकार प्रोफेसर (डॉ.) जे.के. शर्मा, डीन प्रोफेसर (डॉ.) नीलम सक्सेना तथा बीबीए विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार सहित अन्य संकाय सदस्यों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों में नेतृत्व क्ष मता, टीम वर्क, वित्तीय प्रबंधन एवं संवाद कौशल का विकास होता है, जो उनके भविष्य के करियर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रोफेसर (डॉ.) जे.के. शर्मा ने कहा कि आज का कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उद्यमशीलता को सशक्त मंच प्रदान करता हैं। मुझे अत्यंत खुशी है कि विद्यार्थियों ने इस आयोजन के माध्यम से न केवल अपने प्रबंधन कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की भावना को भी साकार रूप दिया।
प्रोफेसर (डॉ.) नीलम सक्सेना ने कहा कि आज के कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को वास्तविक बाजार परिवेश का अनुभव प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं नवाचारी बनने के लिए प्रेरित करना था। बीबीए हाट ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि संस्थान में उत्सव एवं सहभागिता का वातावरण भी निर्मित किया। डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को मार्केटिंग स्किल एवं व्यापार के तौर तरीके को रचनात्मक तरीके से पेश करने की कला से रूबरू कराना था। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा आयोजित बीबीए हाट का सफल संचालन संस्थान के फैकल्टी प्रो. यतिका रस्तोगी एवं प्रो. रचना गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ।


