बिना शटडाउन लिए ही कर रहा था कार्य, लाइनमैन की मौत

गाजीपुर  गहमर कोतवाली क्षेत्र के सेवराई गांव में एलटी तार के केबलिंग कार्य के दौरान करेंट की चपेट में आने से बिजली कर्मचारी की मौत हो गई।

सेवराई तहसील मुख्यालय के भदौरा रेलवे फाटक से लेकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक एलटी तार की केबलिंग का कार्य एक कार्यदायी संस्था की ओर किया जा रहा था। बृहस्पतिवार की दोपहर कार्यदायी संस्था के तरफ से कराए जा रहे कार्य के दौरान हरकुपुर गांव निवासी बिजली कर्मचारी भीम बिंद (22) बिना शटडाउन लिए ही पोल पर चढ़कर तार जोड़ रहा था।

इस दौरान अचानक करंट की जद में आकर वह नीचे गिर गया। तेज आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों के लाख प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में गहमर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पवन उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने से आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं कांग्रेस के प्रदेश सचिव अहमद शमशाद ने इसे बिजली विभाग की लापरवाही बताया है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक मुआवजा दिलाने की मांग की है।