वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी को श्रद्धासुमन अर्पित किए
नोएडा (गौतमबुद्ध नगर)। उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना आज शुक्रवार को पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के नोएडा स्थित निवास स्थान पर पहुंचे। जहां उन्होंने उनकी दिवंगत धर्मपत्नी सत्यवती मिश्र के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना की पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा के संस्थापक सदस्य कलराज मिश्र से पारिवारिक वातावरण में वार्ता हुई। इस बीच कुछ देर के लिए दोनों वरिष्ठ भाजपा नेताओं में काफी देर गुफ्तगू हुई। इधर राजनैतिक हलकों में इस मुलाकात को लेकर काफी चर्चा है। लोगों का कहना है कि संभवतः इस दौरान कलराज मिश्र तथा उत्तर प्रदेश के कद्दावर मंत्री सुरेश खन्ना में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी चर्चा हुई है।
यहां से कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना सेक्टर-22 स्थित शाहजहांपुर के वरिष्ठ पत्रकार संजय जैन के निवास स्थान पर गए। जहां लगभग 15 मिनट उन्होंने संजय जैन से उनका कुशल-क्षेम जाना। इस दौरान पीएआई न्यूज के संस्थापक एवं संपादक वरिष्ठ पत्रकार पवन राज सिंह भी मौजूद रहे। यहां से कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना कार द्वारा दिल्ली चले गए।


