चैलेंजर्स ग्रुप के छात्रों ने किया राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रीय संग्रहालय का भ्रमण
नोएडा स्थित चैलेंजर्स की पाठशाला के छात्रों ने हाल ही में शैक्षिक यात्रा के तहत राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रीय संग्रहालय का दौरा किया। इस यात्रा ने उन्हें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराया। चैलेंजर्स ग्रुप अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने बताया की राष्ट्रपति भवन में छात्रों ने प्रतिष्ठित अशोक हॉल और उन कमरों का अवलोकन किया, जिन्हें भारत की महान नदियों के नाम पर रखा गया है।

छात्रों ने दरबार हॉल का भी दौरा किया, जहां अनेक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। यह अनुभव छात्रों के लिए प्रेरणादायक रहा और उन्होंने भारत की शासन प्रणाली और विरासत को समझा। इसके बाद छात्रों ने राष्ट्रीय संग्रहालय में भारत की प्राचीन सभ्यताओं और धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न राजवंशों की मुद्राओं, मूर्तियों और कलाकृतियों को देखा।

ऐतिहासिक घटनाओं और सांस्कृतिक उपलब्धियों की प्रदर्शनी ने छात्रों की ज्ञानवृद्धि में मदद की। यह यात्रा न केवल शिक्षाप्रद रही, बल्कि छात्रों में अपने देश की विरासत के प्रति गर्व की भावना भी उत्पन्न की।

संस्था की सदस्य गीता ने कहा कि चैलेंजर्स ग्रुप ऐसी शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से वंचित बच्चों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर अभिजीत, सौरव, अर्जुन, चांदनी, सलोनी, रेहान, राजेश्वरी, अनन्या आदि मौजूद रहे।


