महर्षि नगर में आयोजित हुआ छठ पूजा महोत्सव

महर्षि नगर में आयोजित हुआ छठ पूजा महोत्सव

नोएडा। रविवार को महर्षि नगर मे छठ पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित छठ पूजा महोत्सव में छठ व्रतियों द्वारा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। मीडिया प्रभारी ए. के. लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रोशनी से जगमग छठ घाट को केले के पत्तों से सजाया गया था। छठ घाट के पानी में गंगा जल के साथ गुलाब की पंखुड़िया डाली गई एवं छठ वृतियों के ऊपर एक कुंतल गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। छठ घाट पर महत्वपूर्ण स्लोगन लिखकर जागरूक किया गया वहीं वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्लाटिक का उपयोग रोकने, जल संरक्षण जैसे स्लोगन लिखकर सामाजिक संदेश देने का भी कार्य किया गया।

छठ घाट पर छठ मैया, भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा दरबार सहित स्थापित की गई । छठ मैया के गीतों से एवं जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। छठ वृतियों ने छठ वेदी पर पूजा अर्चना की इसके उपरांत घाट के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की समृद्धि व सुख शांति के लिए आशीर्वाद मांगा। ए के लाल ने बताया कई छठ व्रतियों ने दण्डवत होकर छठ घाट की परिक्रमा की। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही। समिति की ओर से गरीब महिला को सिलाई मशीन भेंट की गई। खुशबू तिवारी एन्ड पार्टी द्वारा छठी मैया के गीतों से सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। गायकों की भक्तिमय प्रस्तुति ने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया

 इस अवसर पर संयोजक रामु मिश्रा ,विजय मिश्रा, सत्येन्दर यादव, अंजनी श्रीवास्तव, यादवेन्द्र यादव, कमलेश यादव, गिर्जेश जैसवाल आदि लोग मौजूद थे .