गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय क्लब ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
ग्रेटर नोएडा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में प्रातःकालीन योग सत्र का आयोजन GBU क्लब में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नागेन्द्र सिंह द्वारा किया गया, जबकि कुलपति प्रोफेसर राणा प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कुलसचिव डॉ. विश्वाश त्रिपाठी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
योग प्रशिक्षक द्वारा सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर कुलपति महोदय ने कहा कि “योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि यह जीवन को संतुलन, अनुशासन और मानसिक शांति प्रदान करने वाली संपूर्ण जीवनशैली है।” कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, आत्मिक जागरूकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा।


