कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज़ ज़रूर लगवाएं, पहली और दूसरी डोज की तरह ही प्रिकाशन डोज भी बिल्कुल फ्री है - अरविंद केजरीवाल

कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज़ ज़रूर लगवाएं, पहली और दूसरी डोज की तरह ही प्रिकाशन डोज भी बिल्कुल फ्री है - अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा है कि जिन लोगों ने अभी तक कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज नहीं लगवाई है, वे लोग बूस्टर डोज अवश्य लगवा लें। 18 वर्ष से ऊपर के वे सभी लोग, जिनको दूसरी डोज लगवाए हुए छह महीने से ज्यादा हो गए हैं, वे लोग बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। कोरोना वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज की तरह ही प्रिकाशन (बूस्टर) डोज भी बिल्कुल फ्री है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में कोरोना वैक्सीन की करीब 3.5 करोड़ डोज लगाई जा चुकी है। इसमें 1.81 करोड़ पहली और 1.53 करोड़ दूसरी डोज लगी है, जबकि 18.5 लाख बूस्टर डोज लगी है। दिल्ली में करीब 10 फीसद लोगों ने ही प्रिकाशन डोज लगवाई है। सीएम ने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि अगर आपने अभी तक दूसरी डोज या प्रिकाशन डोज नहीं लगवाई है, तो जरूर लगवा लें। सभी हेल्थ वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स भी जल्द से जल्द प्रिकाशन डोज लगवा लें। साथ ही, अगर अभिभावकों ने 12 से 17 साल उम्र के अपने बच्चों को अभी तक दूसरी डोज नहीं लगवाई है, तो जरूर लगवा लें।
दिल्ली वालों ने कोरोना का डटकर मुकाबला किया और अब कोरोना की स्थिति काफी नियंत्रण में है- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हम दिल्ली वालों ने कोरोना का डटकर मुकाबला किया। अब कोरोना की स्थिति काफी नियंत्रण में आ गई है और कोरोना के मामले भी काफी कम हो गए हैं। दिल्ली में जितने मामले आ रहे हैं, वो भी गंभीर नहीं है। एक-आध मामले को छोड़ दें, तो काफी कम गंभीर मामले आ रहे हैं। जितने मामले आ रहे हैं, उसमें अधिकतर लोग घर पर ठीक हो जा रहे हैं और उनको अस्पताल जाने की भी जरूरत नहीं पड़ रही है। कोरोना से होने वाली पहले जो मौतें थीं, वो भी अब लगभग ना के बराबर है। लेकिन यह बीमारी तो खराब है, बहुत गंदी बीमारी है। यह बीमारी किसी को ना हो, ऐसी हमारी कामना है और हमारी कोशिश रहती है। इसके वैक्सीनेशन को लेकर दिल्ली सरकार समय-समय पर उचित कदम उठाती रही है। हमने सबके लिए वैक्सीन फ्री किया। केंद्र सरकार का इसमें बहुत सहयोग मिला। आज मैं दिल्ली के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि जो सतर्कता (प्रिकाशन) डोज है। प्रिकाशन डोज, पहली और दूसरी रोज के बाद लगती है। जिन-जिन लोगों ने प्रिकाशन डोज नहीं लगवाई है, वो सब लोग प्रिकाशन डोज लगवा लें। दिल्ली में भी बहुत कम लोगों ने प्रिकाशन डोज लगवाई है। यह प्रिकाशन डोज भी हम लोगों ने फ्री की हुई है। जैसे पहली और दूसरी डोज फ्री थी, वैसे ही यह प्रिकाशन डोज भी बिल्कुल फ्री है। आपको पैसा देने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। सिर्फ आपको थोड़ा सा समय निकाल कर प्रिकाशन डोज लगवाने के लिए जाना है। 18 वर्ष से ऊपर के वे सब लोग, जिन लोगों को दूसरी डोज लगवाए हुए छह महीने से ज्यादा हो गए हैं, वो लोग प्रिकाशन डोज लगवा सकते हैं।
सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील है कि अगर आपने अभी तक दूसरी डोज या प्रिकाशन डोज नहीं लगवाई है, तो जरूर लगवा लें- अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हमने कई मोहल्ला क्लीनिकक्स में भी वैक्सीनेशन की सुविधा उपलब्ध करा दी है। आपके पड़ोस में जो मोहल्ला क्लीनिक है, वहां पर अगर प्रिकाशन डोज लग रही है तो आप वहां जाकर प्रिकाशन डोज लगवा सकते हैं। नहीं तो, सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर जाकर लगवा सकते हैं। जिन्होंने अभी तक कोरोना की दूसरी डोज नहीं ली है, वे लोग भी अपनी दूसरी रोज ले लें। आप अपनी सेहत का ख्याल रखें। हम नहीं चाहते हैं कि आपको किसी भी तरह की तकलीफ हो। बुजुर्गों को ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और बुढ़ापे की और कई सारी बीमारियां रहती हैं, उसके साथ उनको अगर कोरोना हो जाए, तो कई बार घातक साबित हो जाता है। इसलिए मैं सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील करना चाहूंगा कि अगर आपने अभी तक दूसरी डोज या प्रिकाशन डोज नहीं लगवाई है, तो जरूर लगवा लें। हमारे जितने हेल्थ वर्कर्स हैं, जो दूसरों का ख्याल रखते हैं और दूसरों की सेहत के लिए अस्पतालों में वैक्सीनेशन का काम कर रहे हैं, वो सब लोग भी प्रिकाशन डोज लगवा लें। हमारे जितने फ्रंटलाइन वर्कर्स हैं, जैसे सिविल डिफेंस वालंटियर और पुलिस कर्मी समेत दूसरे कर्मचारी हैं, जो पूरे दिन पब्लिक डीलिंग का काम करते हैं, उनसे भी निवेदन है कि आप अपने आपको सुरक्षित रखें। हम चाहते हैं कि आप सुरक्षित रहें। फ्रंटलाइन वर्कर्स भी प्रिकाशन डोज जल्द से जल्द जरूर लगवा लें।
स्कूल अथॉरिटीज जिला प्रशासन से बात कर अपने स्कूल में भी बच्चों को दूसरी डोज लगवा सकते हैं- अरविंद केजरीवाल
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो 12 से 17 साल उम्र के बच्चे हैं, उनको दूसरी डोज लग रही है। लेकिन अभी तक बहुत से बच्चों ने दूसरी डोज नहीं लगवाई है। इसलिए मैं उन सभी बच्चों से अपील करना चाहूंगा कि आप अपनी दूसरी डोज भी लगवा लें। उनके अभिभावकों से भी अपील करना चाहूंगा कि अगर आपने अभी तक अपने बच्चों को दूसरी डोज नहीं लगवाई है, तो दूसरी डोज जरूर लगवा लें। दिल्ली में जितने स्कूल हैं, उन सभी स्कूल अथॉरिटीज से निवेदन करना चाहूंगा कि अगर आप अपने जिला प्रशासन से निवेदन करेंगें, तो हम आपके स्कूल में बच्चों को दूसरी डोज लगवाने का कैंप लगा देंगे। आप जिला प्रशासन से बात करके स्कूलों में भी बच्चों को दूसरी डोज लगवा सकते हैं।
दिल्ली में प्राइवेट और सरकारी मिलाकर प्रतिदिन करीब एक लाख डोज लगाने की क्षमता है- अरविंद केजरीवाल
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अभी तक दिल्ली में 3.5 करोड़ के करीब कोरोना वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। इसमें से 1.81 करोड़ पहली डोज लगी है, जबकि 1.53 करोड़ दूसरी डोज लगी है और मात्र 18.5 लाख बूस्टर डोज लगी है। बहुत सारे लोग प्रिकाशन डोज लगा नहीं रहे हैं। दिल्ली में प्रिकाशन डोज करीब 10 फीसद लोगों ने ही लगवाई है। इसलिए सभी से अपील है कि आप प्रिकाशन डोज जरूर लगवा लें। हमारे पास वैक्सीनेशन की बहुत क्षमता है। दिल्ली में प्राइवेट और सरकारी दोनों मिलाकर प्रतिदिन करीब एक लाख डोज लगाने की क्षमता है। आप सभी लोग स्वस्थ्य रहें और खुश रहें। सभी से निवेदन है कि कोरोना के सभी प्रोटोकॉल का पालन करते रहें। मास्क का इस्तेमाल करते रहें। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि आपको कोरोना बिल्कुल न हो।