ह्यूमन्स फॉर ह्यूमैनिटी का यूपी में विस्तार, शालिनी सिंह बनीं राज्य चेयरपर्सन
स्कूलों में मासिक धर्म स्वच्छता को मिलेगी प्राथमिकता
नोएडा: ह्यूमन्स फॉर ह्यूमैनिटी ने उत्तर प्रदेश में अपने कार्यों के विस्तार की घोषणा करते हुए प्रसिद्ध शिक्षा कार्यकर्ता एवं नोएडा एनसीएफ की अध्यक्षा शालिनी सिंह को राज्य की चेयरपर्सन नियुक्त किया है। संगठन पिछले 11 वर्षों से स्वच्छता और मासिक धर्म स्वच्छता के क्षेत्र में कार्यरत है और वाश प्रोजेक्ट के तहत 7 राज्यों में 50 लाख से अधिक महिलाओं व किशोरियों को जागरूकता, प्रशिक्षण और स्वच्छता सामग्री उपलब्ध करा चुका है।
शालिनी सिंह के नेतृत्व में प्रदेशभर में मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़े जागरूकता, सेनेटरी पैड वितरण, कपड़ा पैड निर्माण प्रशिक्षण, स्कूल व सामुदायिक कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य जांच अभियानों का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूलों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी ताकि जानकारी और सुविधाओं के अभाव में किशोरियों की पढ़ाई बाधित न हो।
उन्होंने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मसम्मान और समान अवसरों से जुड़ा अधिकार है। संगठन का लक्ष्य है कि कोई भी बच्ची केवल इस कारण शिक्षा से वंचित न रहे और उत्तर प्रदेश में इस दिशा में सतत व ठोस प्रयास किए जाएंगे।


