SSB Group के प्रबंधन की विफलता का खामियाजा भुगत रहे La Residentia के सैकड़ों फ्लैट खरीदार

SSB Group के प्रबंधन की विफलता का खामियाजा भुगत रहे La Residentia के सैकड़ों फ्लैट खरीदार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: La Residentia परियोजना के फ्लैट खरीदारों ने SSB Group पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रबंधन की विफलता, वित्तीय एवं परियोजना संबंधी अव्यवस्था तथा लगातार हो रही देरी के कारण हजारों परिवारों का सपना अधूरा रह गया है। पूर्ण भुगतान करने के बावजूद खरीदार अपने घर की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि उन पर किराया और बैंक ईएमआई का दोहरा आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

खरीदारों ने इसे केवल निर्माण में देरी नहीं, बल्कि घर खरीदने वाले परिवारों के साथ अन्याय बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यूपी रेरा से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी प्रमुख मांगों में परियोजना का स्वतंत्र ऑडिट, फ्लैट हैंडओवर की स्पष्ट एवं बाध्यकारी समय-सीमा, देरी के लिए कानूनी मुआवजा एवं ब्याज तथा बिल्डर की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई शामिल है।

खरीदारों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक कानूनी कार्रवाई, शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और व्यापक जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।