किसान जागृति यात्रा आज पांचवें दिन कर्नाटक के मैसूर में, किसान पंचायत का आयोजित
7 फ़रवरी से कन्याकुमारी से शुरू हुई संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की किसान जागृति यात्रा आज पांचवें दिन कर्नाटक के मैसूर में पहुँची जहाँ स्थानीय किसानों द्वारा किसान पंचायत का आयोजन किया गया। किसान पंचायत के दौरान अमेरिका-भारत मुक्त व्यापार समझौते की किसानों ने एक सुर में निंदा की और भारत सरकार को कड़ा संदेश दिया गया कि देश के किसान अपनी बर्बादी के सरकारी-कॉर्पोरेट गठबंधन के षड्यंत्रपूर्ण समझौते को कभी स्वीकार नहीं करेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें कितना ही बड़ा आंदोलन करना पड़े।

इस पंचायत के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के संयोजक जगजीत सिंह डल्लेवाल द्वारा अमेरिका-भारत मुक्त व्यापार समझौते के ख़िलाफ़ 15 फ़रवरी को पूरे देश में गाँव स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा करी, उन्होंने कहा कि 15 फ़रवरी के इस प्रदर्शन में गांवों के लोग अपने-अपने गाँव में इकट्ठा होकर बाजू पर काली पट्टियां बांध कर अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर भारत और अमेरिका सरकार के सांझा वक्तव्य की प्रतियां जलाएंगे।
किसान नेता क़ुर्बुरु शांताकुमार ने बताया कि आज यात्रा में मैसूर में पंचायत के बाद श्रीरंगापटनम और मांड्या में भी किसानों ने इस यात्रा के स्वागत में कार्यक्रमों का आयोजन किया। आज के सभी कार्यक्रमों में सैकड़ो गांवों के किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक द्वारा गांव स्तर पर किसानों की मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र जुटाए जाने के अभियान के तहत अपने-अपने गाँव से समर्थन पत्र संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के नेताओं को सौंपे और किसान नेता कुर्बुरु शांताकुमार के नेतृत्व में कर्नाटक से बड़ी संख्या में 19 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली किसान महापंचायत में पहुंचने का आश्वासन दिया।
किसान जागृति यात्रा के कार्यक्रम के तहत बैंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा और उसके बाद चिकबल्लापुर में किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा। आज मुख्य तौर पर जगजीत सिंह डल्लेवाल (पंजाब), क़ुर्बुरु शांताकुमार, शंकर मैसूर, नागराज, देवराज, नागेश्वर, रमेश (कर्नाटक), अभिमन्यु कोहाड़ एवम हर्षदीप गिल(हरियाणा), इंदरजीत पन्नीवाला एवम महावीर सहारण(राजस्थान), लीलाधर राजपुत एवम अरुण पटेल, ब्रजेश चौरे, संतोष नागर (मध्यप्रदेश), नितिन बाल्यान एवम शादाब चौधरी ( उत्तर प्रदेश), हरसुलिन्दर सिंह एवम सोनू औलख (पंजाब) समेत सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।
सधन्यवाद
हर्षदीप सिंह गिल
सचिव
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक)


