आईएमएस नोएडा में समर स्कूल वर्कशॉप का शुभारंभ

आईएमएस नोएडा में समर स्कूल वर्कशॉप का शुभारंभ

नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में विद्यार्थियों के लिए आयोजित समर स्कूल वर्कशॉप का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों की व्यावहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करना है, जिससे वे भविष्य के करियर विकल्पों को बेहतर ढंग से समझ सकें और अपने व्यक्तित्व तथा पेशेवर कौशल का विकास कर सकें।

आईएमएस नोएडा के सलाहकार प्रोफेसर डॉ. जे.के. शर्मा ने कहा कि समर स्कूल विद्यार्थियों के लिए सीखने और अपने कौशल को विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक अनुभव और उद्योग जगत की समझ भी उतनी ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए समर स्कूल की रूपरेखा तैयार की गई है। इस कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को लाइव प्रोजेक्ट्स, इंडस्ट्री इंटरैक्शन, कॉर्पोरेट मेंटरशिप, कैंपस इमर्शन और विभिन्न कौशल विकास गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य परिवेश को समझने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी ने बताया कि समर स्कूल के माध्यम से विद्यार्थियों को आईटी, लॉ, मैनेजमेंट और जनसंचार जैसे क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधे सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आईटी मॉड्यूल में छात्रों को जनरेटिव एआई, एथिकल हैकिंग, रोबोटिक्स एवं आईओटी तथा वेब डेवलपमेंट जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं लॉ सत्र में डिजिटल सुरक्षा एवं अधिकार, पेटेंट फाइलिंग तथा कानूनी जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मैनेजमेंट मॉड्यूल के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्टार्टअप आइडिया डेवलपमेंट, पर्सनल ब्रांडिंग एवं डिजिटल मार्केटिंग, वित्तीय साक्षरता तथा डिज़ाइन थिंकिंग जैसे विषयों की जानकारी दी जाएगी, जिससे उनमें उद्यमिता और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। इसके अलावा जनसंचार एवं पत्रकारिता में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को कैमरा संचालन, मोबाइल फोटोग्राफी, फोटोग्राफी टूल्स, फोटो एडिटिंग, लाइटिंग तकनीकों तथा फील्ड प्रोजेक्ट्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।