16 जुलाई को निकलेगी भगवान् जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, विदेशी भक्त होंगे शामिल

16 जुलाई को निकलेगी भगवान् जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, विदेशी भक्त होंगे शामिल

नोएडा। इस्कॉन नोएडा बृहस्पतिवार 16 जुलाई 2026 को भगवान् जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन करने जा रहा है। जगन्नाथ रथ यात्रा सांय 4 बजे सेक्टर 18 स्थित गुरुद्वारे से प्रारम्भ होगी तथा अट्टा मार्केट, सब मॉल, डी एम चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक तथा अडोब चौक होते हुए सांय 7 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर पहुंचेगी।

इस्कॉन नोएडा के सह अध्यक्ष बंशीधर दास ने बताया कि जगन्नाथ रथयात्रा एक पारम्परिक, प्राचीन एवं विशाल हिन्दू उत्सव है। यह जगन्नाथ रथयात्रा वैदिक साहित्य में वर्णित विधि एवं तिथि के अनुसार उसी दिन मनाई जाएगी जिस दिन पुरी में विश्व विख्यात रथयात्रा मनाई जा रही है।

भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलदेव एवं बहन सुभद्रा के संग नोएडावासियों को अपनी अहैतुकी कृपा प्रदान करेंगे। रथयात्रा आरम्भ होने से पूर्व भगवान को 56 भोग अर्पित किये जायेंगे एवं भगवान की महा आरती की जाएगी। पूरे रास्ते में मधुर कीर्तन तथा प्रसाद वितरण होगा। रथ यात्रा के समापन पर सांय 7 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर में सभी को डिनर प्रसाद वितरित किया जाएगा। ज्ञात हो कि इस वर्ष इस्कॉन अपने स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस उपलक्ष्य में इस बार आयोजित होने वाली रथ यात्रा में अमेरिका, कनाडा, रूस, फ्रांस एवं ऑस्ट्रेलिया इत्यादि देशों से कईं भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है।

इस रथयात्रा में गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा जी एवं नोएडा के विधायक श्रीमान पंकज सिंह जी को प्रमुख अतिथि के रूप में आमन्त्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त इस रथयात्रा में देश विदेश के लगभग 6000 भक्तों के सम्मिलित होने की आशा है।